छत्तीसगढ़

रायपुर में बुलडोजर एक्शन: सेंट पॉल स्कूल परिसर का निर्माणाधीन भवन ढहाया, चर्च निर्माण के आरोपों पर बढ़ा विवाद..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत राजधानी रायपुर में मंगलवार तड़के प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। सेंट पॉल स्कूल परिसर में निर्माणाधीन एक भवन पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजे जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम भारी सुरक्षा बल के साथ स्कूल परिसर पहुंची। कार्रवाई शुरू करने से पहले भवन के भीतर मौजूद सामग्री को बाहर निकाला गया, जिसके बाद बुलडोजर की मदद से पूरे निर्माणाधीन ढांचे को गिरा दिया गया।

बताया जा रहा है कि जिस भवन का निर्माण किया जा रहा था, उसे लेकर चर्च निर्माण के आरोप लगाए गए थे। इस मुद्दे को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था और विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा विरोध भी किया जा रहा था। मामला लगातार तूल पकड़ने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया।

कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। स्कूल परिसर के आसपास की सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। मौके पर अपर कलेक्टर, एडीसीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

फिलहाल प्रशासन की ओर से कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है, जबकि मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं।

Leave a Reply

Check Also
Close
Back to top button