रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा हुआ है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय महिला की हत्या कर शव को पेट्रोल डालकर जलाने के मामले में पुलिस ने 45 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपनी लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या की और पहचान छिपाने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार 17 जून को पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित एक स्टोन क्रशर के पास एक महिला का अधजला शव बरामद हुआ था। शव की पहचान नहीं होने के कारण मामला पुलिस के लिए चुनौती बन गया था। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से मृतका की तस्वीर और जानकारी साझा की, जिसके बाद जशपुर में रहने वाले मृतका के बेटों ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर उसकी पहचान मंगरीता एक्का के रूप में की।
पहचान होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी एमिलीयस तिग्गा को जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों की मुलाकात कुछ महीने पहले मजदूरी के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों पूंजीपथरा में किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। महिला को आरोपी पर दूसरी पत्नी होने का संदेह था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
घटना वाले दिन महिला अपना सामान लेकर गांव लौटने के लिए निकली थी। आरोपी भी उसके पीछे गया। रास्ते में दोनों ने शराब पी, जहां पुराने विवाद को लेकर फिर कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने महिला की साड़ी से उसका गला घोंट दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया। बाद में पेट्रोल खरीदकर शव को क्रशर डस्ट के ढेर पर ले गया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, ताकि पहचान मिटाई जा सके।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पेट्रोल की बोतल, माचिस और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



