बलौदाबाजार | संवाददाता 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को बलौदाबाजार स्थित नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और सुबह 7 बजे योगाभ्यास का शुभारंभ करेंगे।
जिला प्रशासन ने आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को प्रोटोकॉल के अनुरूप कार्यक्रम संपन्न कराने तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की ओर से मंच व्यवस्था, साउंड सिस्टम, जनरेटर, बैरिकेडिंग, योगा मैट, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, कानून व्यवस्था, स्कूली बच्चों एवं अन्य प्रतिभागियों के लिए परिवहन सहित सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” रखी गई है, जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना है। योग को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ सकारात्मक जीवनशैली का आधार माना गया है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की है। माना जा रहा है कि इस आयोजन में जिले भर से हजारों लोग भाग लेकर स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश देंगे।



