छत्तीसगढ़

फरसगांव में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल, समय पर नहीं मिली एंबुलेंस..

फरसगांव। कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक के ग्राम बड़ेडोगर बेलभाटा में सड़क हादसे के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार शाम पिकअप और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को शाम करीब 7:30 बजे फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में घुड़उ राम माली और सगाराम सलाम गंभीर रूप से घायल हुए थे। परिजनों का आरोप है कि रात करीब 8 बजे 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई थी, लेकिन एंबुलेंस करीब ढाई घंटे बाद रात 10:30 बजे अस्पताल पहुंची। इस दौरान गंभीर रूप से घायल घुड़उ राम माली की हालत लगातार बिगड़ती गई और उसने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया।

मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर ऑक्सीजन और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। उनका दावा है कि घायल युवक लंबे समय तक अस्पताल परिसर में ही पड़ा रहा, जिससे उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

युवक की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जमकर हंगामा किया। वहीं, दूसरे घायल सगाराम सलाम को बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Back to top button