छत्तीसगढ़

कोरिया में भाजपा नेता की कार में जलकर मौत, रेत विवाद में हत्या का आरोप; चार आरोपी हिरासत में..

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम कटगोड़ी में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। फॉर्च्यूनर वाहन में सवार भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की आग लगने से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि नवगई गांव के पास आरोपियों ने पहले फॉर्च्यूनर वाहन को टिपर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया और बाद में उसमें आग लगा दी। घटना के दौरान वाहन में सवार लोग बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे।

इस घटना में भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक स्तर पर रेत कारोबार को लेकर पुराने विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं, वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button