बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कॉलोनी के रास्ते को लेकर चल रहा विवाद उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब कांग्रेस के पूर्व महापौर और उनके बेटे पर एक बिल्डर के साथ मारपीट करने का आरोप लगा। घटना में बिल्डर घायल हो गया, जबकि पूरे मामले का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मिनोचा कॉलोनी में रविवार को सोसायटी की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में कॉलोनी के मुख्य मार्ग की सफाई और बारिश से पहले रास्ते को व्यवस्थित करने को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद कॉलोनीवासी गेट के पास पहुंचे, जहां रास्ते के निर्माण और उपयोग को लेकर विवाद शुरू हो गया।
पीड़ित बिल्डर अमित शर्मा ने आरोप लगाया कि इसी दौरान पूर्व महापौर राजेश पांडेय और उनके बेटे राहुल पांडेय मौके पर पहुंचे और बहस के बाद गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर दोनों ने कथित रूप से अमित शर्मा के साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें जमीन पर गिराकर पत्थर से हमला किया गया, जिससे उनके सिर और कंधे में चोट आई। घटना में उनका चश्मा भी टूट गया।
अमित शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के समय बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौके पर मौजूद थे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने पूर्व महापौर राजेश पांडेय और उनके बेटे राहुल पांडेय के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में नाराजगी और दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



