जशपुर। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के दूसरे युवक के साथ रहने से नाराज पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान सुशील खलखो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी पिछले कुछ समय से मृतक सुशील के साथ रह रही थी। इसी बात को लेकर आरोपी और उसके परिवार में नाराजगी थी।
27 मई की रात ग्राम जामजूनवानी में आरोपियों ने सुशील खलखो को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने युवक का सिर जमीन में पटककर पत्थर से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर छत्तीसगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी जयलाल एक्का, जयमन एक्का और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।



