कांकेर। जिले के पखांजूर इलाके में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम बच्ची की मौत के बाद भारी बवाल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की।
जानकारी के मुताबिक मामला पखांजूर थाना क्षेत्र के कापसी स्थित एक निजी अस्पताल का है। एक माह की मासूम बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि बीती रात बच्ची की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्होंने डॉक्टर से रेफर करने की मांग की थी, लेकिन डॉक्टर ने बच्ची की स्थिति सामान्य बताकर रेफर करने से मना कर दिया।
आज सुबह बच्ची की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। अस्पताल का सामान सड़क पर फेंक दिया गया और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।



