बिलासपुर। सिरगिट्टी इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। झारखंड निवासी एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके दो साथियों के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। आरोपी महिला पूनम लोंमगा अपने पति विनोद लोंमगा को पैसे लेने का बहाना बनाकर ट्रेन से बिलासपुर लाई थी। सुनियोजित साजिश के तहत रेलवे ट्रैक के पास पहले से मौजूद प्रेमी और उसके साथियों ने मिलकर विनोद की हत्या कर शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया।
हत्या के बाद आरोपी महिला प्रेमी के साथ वापस झारखंड लौट गई और परिवार वालों को गुमराह करती रही। परिजनों को शक होने पर पुलिस में शिकायत की गई। पूछताछ के दौरान महिला टूट गई और पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि प्रेमी समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद दो मासूम बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है। पिता की मौत और मां के जेल जाने से पूरा परिवार सदमे में है।



