छत्तीसगढ़

CG- ननद निकली कातिल: भाभी की हत्या कर शव को किया निर्वस्त्र, पुलिस को गुमराह करने रची साजिश..

कवर्धा। जिले के लोहारा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने घरेलू विवाद के चलते अपनी ही भाभी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और फिर पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को निर्वस्त्र कर रेप जैसा दिखाने की कोशिश की।

मामला ग्राम सिंगारपुर का है, जहां 3 मई को खेत में महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला था। मृतका की पहचान बेलसिया छेदैया (32) के रूप में हुई। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और कपड़े फटे हुए थे, जिसके बाद शुरुआती जांच में पुलिस इसे दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला मान रही थी।

घटनास्थल से लोहे की रपली, हंसिया, टूटी चूड़ियां, कपड़ों के टुकड़े और अन्य सबूत मिले। साइबर सेल और एफएसएल जांच के बाद खुलासा हुआ कि महिला के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ था, बल्कि हत्या को रेप केस का रूप देने की साजिश रची गई थी।

जांच में सामने आया कि आरोपी मालती मरकाम (33) का अपनी भाभी बेलसिया से लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच घर के कामकाज और बंटवारे को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने खेत में पीछे से हमला कर लोहे की रपली से कई वार किए, जिससे बेलसिया की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव के कपड़े फाड़ दिए ताकि शक किसी पुरुष पर जाए और मामला रेप जैसा लगे। आरोपी ने बताया कि उसने सोशल मीडिया और मोबाइल पर ऐसी घटनाएं देखकर यह तरीका अपनाने की कोशिश की।

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Back to top button