महासमुंद। चौथी की वार्षिक परीक्षा के अंग्रेजी प्रश्नपत्र में ‘कुत्ता’ शब्द को लेकर उठे विवाद पर राज्य शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। महासमुंद जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे को निलंबित कर दिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर यह कार्रवाई की है।
बताया गया कि परीक्षा के प्रश्नपत्र में एक प्रश्न को लेकर आपत्तियां सामने आई थीं, जिसे धार्मिक भावनाओं से जोड़कर विवाद खड़ा हुआ। मामले को गंभीर मानते हुए शासन ने जांच के बाद यह कदम उठाया।
आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि में विजय लहरे का मुख्यालय संयुक्त संचालक शिक्षा, रायपुर संभाग निर्धारित किया गया है। आदेश में कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता का भी उल्लेख किया गया है।
मामले के तूल पकड़ने के बाद शासन ने सख्त रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की है। इस फैसले के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।




