छत्तीसगढ़

CG- अवैध प्लाटिंग, कॉलोनी निर्माण पर सदन में जमकर बहस, मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने किया वॉकआउट..

रायपुर। विधानसभा के बजट सत्र का आज 12वां दिन है। सदन में धमतरी और कांकेर में अवैध प्लॉटिंग का मुद्दा जोर-शोर से उठा। कांग्रेस विधायक अंबिका मरकाम ने राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा से 2024 से 31 जनवरी 2026 तक मिली शिकायतों, खसरों की जांच और कार्रवाई को लेकर सवाल किए।

मंत्री ने धमतरी में 3 और कांकेर में 5 शिकायतें मिलने और कुछ खसरों की जांच होने की जानकारी दी, साथ ही कार्रवाई प्रक्रियाधीन होने की बात कही।

इसके अलावा महासमुंद के सरायपाली वन परिक्षेत्र के जंगलबेड़ा गांव में नर्सरी और वृक्षारोपण का मुद्दा गरमा गया, जहां कांग्रेस विधायक चातुरी नंद ने मूल प्रश्न बदलने का आरोप लगाया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे गंभीर बताते हुए जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। वन मंत्री केदार कश्यप ने 2025 के संदर्भ में जवाब दिया, जबकि आसंदी ने अवधि तय किए जाने की बात कही।

नाराज विपक्ष ने किया बर्हिगमन

पूर्व सीएम के सवाल पर जब राजस्व मंत्री ने जवाब दिया तब उनसे चूक हो गई। उन्होंने चूक को लेकर सफाई दी, इस पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा, हम धमतरी का पूछ रहे हैं तो मंत्री कांकेर का उत्तर दे रहे हैं। इस बीच पूर्व सीएम ने राजस्व मंत्री से पूछा, विधानसभा की समिति से जांच कराएंगे क्या है, मामला दो साल से लंबित है, लीपापोती हो रही है। आप से हो नहीं पा रहा है, समिति से जांच करा दीजिए। मंत्री ने कहा, राजस्व विभाग जांच और कार्रवाई के लिए सक्षम है। इस पर पूर्व सीएम ने कहा, अवैध कॉलोनी और कॉलोनाइजर्स को बढ़ावा देने का पूरा काम राजस्व विभाग से हो रहा है, उत्तर से असंतुष्ट है, मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। बहस के दौरान तीखी नोकझोंक भी हुई और अंत में विरोध जताते हुए विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।

Leave a Reply

Back to top button