बिलासपुर/ एक आरक्षक अपने साथियों के साथ आधी रात खुद को क्राइम ब्रांच का अफसर बताया। इसके बाद युवक को जबरदस्ती स्कार्पियो में बैठाकर ले गया और बंधक बनाकर नशीले पदार्थों के केस में फंसाने की धमकी देकर डेढ़ लाख रुपए की मांग की गई। आखिर में उन्होंने 54 हजार रुपए वसूल लिए और वहां से चले गए।
मिली जानकारी के अनुसार, करगीखुर्द निवासी अभिषेक सिंह 26 फरवरी की रात करीब 12:05 बजे घर पर था। तभी अचानक उनके घर के सामने एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो-एन (CG 10-4800) और एक लाल रंग की स्विफ्ट (CG 10 BW) आकर रुकी। कार से चार लोग उतरे और खुद को क्राइम ब्रांच बता कर लगभग 50 मिनट तक घर के बाहर गाली-गलौज करते रहे।इस दौरान उन्होंने अभिषेक को फोन करके दरवाजा खुलवाया। जैसे ही अभिषेक बाहर आया, आरक्षक योगेश पांडेय ने उन्हें जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया।



