रायगढ़। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने एनटीपीसी के उप महाप्रबंधक विजय दुबे को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई तिलाईपाली गांव निवासी प्रार्थी सौदागर गुप्ता की शिकायत के आधार पर की गई।
शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया था कि उनके ग्राम तिलाईपाली स्थित मकान का तीन हिस्सों में मौखिक बंटवारा हुआ है, जिसमें वह और उनके दो पुत्र अलग-अलग हिस्सों में निवास करते हैं। एनटीपीसी द्वारा भूमि अधिग्रहण के समय उन्हें जमीन और मकान का मुआवजा मिल चुका है। हालांकि, पुनर्वास योजना के तहत उनके पुत्रों को करीब 30 लाख रुपये मिलने थे, जिनमें से 14 लाख रुपये का भुगतान हो चुका था और शेष 16 लाख रुपये दिलाने के एवज में उप महाप्रबंधक विजय दुबे द्वारा 5 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। एसीबी ने शिकायत की सत्यता जांचने के बाद जाल बिछाया। ट्रैप ऑपरेशन के दौरान आरोपी विजय दुबे को पेट्रोल पंप के पास शिकायतकर्ता से 4.50 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पहले ही 50 हजार रुपये अग्रिम के रूप में ले चुका था। शेष राशि लेते समय उसे रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से रिश्वत की पूरी रकम जब्त की गई है।
50 हजार पहले ही ले चुका था अधिकारी
सौदागर गुप्ता ने बताया कि, विजय दुबे पहले ही 50 हजार रुपए ले चुका था। बाकी पैसे दिलाने के लिए बार-बार रिश्वत की डिमांड कर रहा था। लेकिन घूस नहीं देना चाहते थे। इसलिए 13 सितंबर को बिलासपुर एसीबी में इसकी शिकायत कर दी।
पेट्रोल पंप के पास पकड़ा गया
शिकायत की पुष्टि के बाद मंगलवार 16 सितंबर को एसीबी ने ट्रैप किया। विजय दुबे ने गुप्ता को एक पेट्रोल पंप के पास बुलाया। जहां 4.50 लाख रुपए की रिश्वत ले रहा था। इसी दौरान टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया है।करीब साल भर में रायगढ़ जिले में एसीबी बिलासपुर की यह 8 वीं ट्रैप कार्रवाई है। फिलहाल आगे की जांच जारी है।



