जांजगीर-चांपा। पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 1 करोड़ 62 लाख रुपए की मनी म्यूल धोखाधड़ी का खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने सक्ती जिले से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।
यह मामला चांपा थाना क्षेत्र का है। ICICI बैंक की चांपा शाखा से 1.62 करोड़ रुपए का अवैध ट्रांजैक्शन पकड़ा गया। इसके अलावा 100 से अधिक संदिग्ध खातों की पहचान हुई है। जांच में पता चला है कि आरोपी मनी म्यूल के माध्यम से फर्जी खातों का इस्तेमाल करते थे।
गिरफ्तार आरोपियो के नाम
अवैध रकम को एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर करते थे। इस पूरे मामले में पुलिस ने पंकज कुमार खूंटे, बलराम यादव और हरीश यादव को गिरफ्तार किया गया है। जिन्हें कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
क्या है मनी म्यूल?
मनी म्यूल (Money Mule) एक ऐसा व्यक्ति होता है जो आपराधिक समूहों को उनके अवैध रूप से कमाए पैसे को वैध बनाने में मदद करने के लिए अपने बैंक खाते का इस्तेमाल करने देता है। यह व्यक्ति या तो जानते हुए या अनजाने में, एक तीसरे पक्ष से पैसे प्राप्त करता है और फिर उन्हें दूसरे खाते में स्थानांतरित कर देता है या नकद निकालकर किसी और को दे देता है।



