रायपुर: राजधानी रायपुर में जय स्तंभ चौक स्थित मल्टी लेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स के पिछले हिस्से में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। शास्त्री बाजार की ओर जाने वाली सड़क पर बिरयानी दुकानों के सामने बेखौफ बदमाश युवक पर ताबड़तोड़ वार करता रहा। काफी देर तक युवक सड़क पर तड़पता रहा। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
संतोषी नगर इलाके का रहने वाला प्रशांत महानंद अपने कुछ साथियों के साथ था, तभी आसपास के ही कुछ बदमाश किस्म के युवकों से उसकी बहस हो गई। इतने में एक आरोपी ने अपनी कमर में फंसाकर रखा चाकू निकाला और लगातार 4 से 5 बार प्रशांत की पीठ पर चाकू से वार किया। गर्दन पर वार का प्रयास किया। आस-पास मौजूद दुकानदारों की भीड़ ये सब कुछ देखते रहे। सभी के मन में यह डर था कि अगर वह रोकने गए तो उन्हें भी बदमाश चाकू मार देंगे।
चाकू के वार के बाद घायल युवक प्रशांत सड़क पर गिर पड़ा। चाकू मारने वाला बदमाश वहां से भाग गया। कुछ सेकंड बाद भीड़ हिम्मत जुटाकर प्रशांत के पास पहुंची और स्थानीय पुलिस से संपर्क किया।
कोतवाली थाने पुलिस की टीम सक्रिय हुई। प्रशांत को पुलिस टीम ही अंबेडकर अस्पताल लेकर गई। उसका इलाज जारी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।



