टेक एंड साइंस

फेसबुक मेसेंजर ऐप को जल्द मिलने वाला है नया कमाल का फीचर

सोशल मीडिया साइट फेसबुक की मेसेंजर सर्विस का इस्तेमाल रोज लाखों यूजर्स करते हैं। अप्रैल, 2020 में में फेसबुक के 2.6 अरब ऐक्टिव मंथली यूजर्स थे। यूजर्स के लिए फेसबुक नए अपग्रेड्स लगातार लाता रहता है और इस बार मेसेंजर ऐप में बड़ा बदलाव किया गया है। कंपनी एक्साइटिंग अपडेट के तौर पर मेसेंजर में 'स्क्रीन शेयरिंग' का फीचर लेकर आई है।

हाल ही में फेसबुक ने अनाउंस किया था कि ऐंड्रॉयड और iOS पर मेसेंजर ऐप यूजर्स को 'स्क्रीन शेयरिंग' का ऑप्शन मिलेगा और अब यह फीचर रोलआउट किया जा रहा है। अब तक यह फीचर केवल मेसेंजर वेब पर मिलता था लेकिन अब इसे ऐप पर भी यूज किया जा सकेगा। नए मेसेंजर रूम्स में भी इस फीचर का सपॉर्ट यूजर्स को मिलेगा। ऐसे में जूम और माइक्रोसॉफ्ट टीम्स को भी मेसेंजर रूम्स टक्कर दे सकता है।

नया शेयरिंग ऑप्शन
ऑनलाइन विडियो कॉन्फ्रेंसिंग और मीटिंग्स की बढ़ती जरूरत को देखते हुए स्क्रीन शेयरिंग की डिमांड अब बढ़ी है। कोई ऑफिशल प्रेजेंटेशन शेयर करने से लेकर टीचर्स के लिए कोई विडियो या लेसन एक्सप्लेन करते वक्त स्क्रीन शेयरिंग की जरूरत पड़ती है। नए फीचर की मदद से यूजर्स अपने फोन की स्क्रीन भी किसी के साथ ऐप पर ही शेयर कर पाएंगे। नए अपडेट के साथ यह फीचर सभी यूजर्स को दिया जाएगा।

ऐसे शेयर होगी स्क्रीन
मेसेंजर ऐप पर नया फीचर वन-टू-वन विडियो कॉल के अलावा 8 यूजर्स तक की ग्रुप कॉल में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके लिए यूजर्स को मेसेंजर ओपन करके विडियो कॉल करना होगा। कॉल कनेक्ट होने पर स्क्रीन के बॉटम टैब में 'शेयर योर स्क्रीन' ऑप्शन मिल जाएगा। इसपर टैप करने के बाद दूसरा यूजर आपकी फोन स्क्रीन अपने डिवाइस पर देख पाएगा।

Back to top button