राज्य

भिवानी का पाश इलाका माने जाने वाला सैक्टर-23 इन दिनों बदहाली का शिकार, टूटी सडक़ें, जलभराव से परेशान

भिवानी
भिवानी का पाश इलाका माने जाने वाला सैक्टर-23 इन दिनों बदहाली का शिकार है। यहां की टूटी हुई सडक़ों, सीवर ओवरफ्लो और बरसात के पानी की निकासी ना होने की समस्याओं ने स्थानीय निवासियों का जीना दूभर कर दिया है। इसी के विरोध में सोमवार को रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन सैक्टर-23 के पूर्व प्रधान व संरक्षक महेंद्र सिंह श्योराण के नेतृत्व में सैक्टरवासियों ने रोष जताया तथा उपरोक्त समस्याओं के समाधान की मांग की।

इस मौके पर सैक्टरवासी महेंद्र सिंह श्योराण, कर्मबीर कटारिया व सुमित्रा ने कहा कि प्रशासन की अनदेखी के चलते यह इलाका अब पाश नहीं, बल्कि परेशानी का केंद्र बन चुका है। सैक्टर-23 के मकान नंबर-650 से 675 तक की गली की सबसे दयनीय हालत है। यह गली सैक्टर की सबसे बदहाल गली है, जहां पर मूलभूत समस्याओं का अंबार लगा रहता है।

इसके अलावा पूरे सैक्टर-23 में भी यही समस्याएं गहराई हुई है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सडक़ें इस कदर टूटी हुई हैं कि वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। वहीं, सीवरेज लाइनें जाम हैं, जिससे गंदा पानी गलियों में बहता रहता है। हाल ही में हुई हल्की बारिश के बाद हालात और भी बिगड़ गए। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण जगह-जगह पानी भर गया, जिससे न सिर्फ लोगों की आवाजाही बाधित हुई, बल्कि मच्छरों के पनपने का खतरा भी बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि सडक़े टूटी तथा जलभराव की स्थिति रहने के कारण रोजाना यहां पर वाहन चालक चोटिल होते रहते है। यहां तक कि सोमवार सुबह भी एक महिला अपने बच्चों के साथ स्कूटी पर जाते समय गड्ढा होने के कारण गिर गई, गनीमत रही कि उन्हे अधिक चोटें नहीं आई। महेंद्र सिंह श्योराण ने कहा कि उन्होंने इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उपायुक्त, नगर परिषद चेयरपर्सन के अलावा खुला दरबार व कष्ट निवारण समिति की बैठक में मंत्री अनुप धानक के समक्ष भी उठाई।

यहां तक कि उपायुक्त भी यहां का निरीक्षण कर समाधान का आश्वासन दे चुके है, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। जिसके चलते सैक्टरवासी खासे परेशान है तथा नरकीय जीवन जीने को मजबूर है। सेक्टर-23 के नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही मूलभूत सुविधाओं की बहाली नहीं हुई, तो वे सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

 

Leave a Reply

Back to top button