राज्य

गुड्डन त्रिवेदी ने की थी विकास दुबे के उज्जैन जाने की व्यवस्था

 कानपुर                                                                                                                                                                             
कुख्यात अपराधी विकास दुबे के करीबी अरविंद उर्फ गुड्डन त्रिवेदी से पूछताछ में पुलिस को अहम जानकारियां मिली हैं। गुड्डन ने पुलिस को बताया कि उसने विकास दुबे के पास कुछ असलहाधारी भेजे थे। राइफलों का इंतजाम भी कराया था मगर खुद मौके पर मौजूद नहीं था। घटना के बाद विकास की भागने में मदद की। शिवली और औरैया में उसी ने रुकने और खाने का इंतजाम किया था। उसके उज्जैन जाने की व्यवस्था भी गुड्डन ने ही की थी। बयानों के आधार पर पुलिस ने उसे मुल्जिम बनाया है।

पूछताछ के बाद बुधवार को पुलिस ने गुड्डन को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे और उसके ड्राइवर सोनू को जेल भेज दिया। बता दें कि कानपुर एनकाउंटर के बाद गुड्डन फरार हो गया था। उसे मुंबई एटीएस में तैनात एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक ने ठाणे थानाक्षेत्र के एक इलाके से पकड़ा था। यहां से गए इंस्पेक्टर नजीराबाद ज्ञान सिंह और एक सिपाही की टीम ने वहां कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड ली और मंगलवार देर शाम उसे शहर ले आई। चौबेपुर थाने में उससे पूछताछ की गई तो कई खुलासे किए।

कॉल डिटेल रिपोर्ट से तैयार हो रहे सबूत
पुलिस ने गुड्डन की कॉल डीटेल रिपोर्ट निकलवाई है। गुड्डन के बयान से उसकी मोबाइल की लोकेशन मैच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक कोर्ट में गुड्डन को आरोपित साबित करने में यही सबूत कारगर होगा। इसके अलावा इससे यह भी पता चल जाएगा कि गुड्डन ने कुछ छिपाया है या सबकुछ बता दिया है।

Back to top button