नेशनल

आज का दिन मुंबई के लिए बहुत ‘भारी’, मौसम विभाग ने लगाया तेज बारिश का अनुमान

मुंबई
महाराष्ट्र के मुंबई और ठाणे सहित कोंकण में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार गुरुवार को भी भारी से बहुत भारी बारिश जारी रह सकती है। शहर में मंगलवार रात से भारी बारिश जारी है, जिसके कारण कई इलाकों में पानी भी भर गया है। राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केन्द्र के वैज्ञानिक आर. के. जेनमानी ने कहा कि मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, पालघर और महाराष्ट्र के अन्य तटीय जिलों में बुधवार को 'भारी से बहुत भारी' बारिश होने का अनुमान जताते हुए आरेंज अलर्ट जारी किया था। इसे बाद में बढ़ाकर रेड अलर्ट कर दिया गया था। आईएमडी मुंबई के उप महानिदेशक के एस होसलीकर ने बुधवार को एक ट्वीट में कहा कि मुंबई, ठाणे सहित कोंकण में भारी से बहुत भारी (200 मिमी से अधिक) बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि, 'कल भी कम तीव्रता वाली लेकिन भारी बारिश होने की संभावना है। रेडार से तटीय क्षेत्रों में बादल छाए रहने के संकेत हैं।' मौसम विभाग के अनुसार रायगढ़ जिले के अलीबाग में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 122.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, वहीं पालघर की डहाणू वेधशाला में 128 मिमी बारिश दर्ज की गई। दक्षिण मुंबई के कोलाबा मौसम केन्द्र में इस दौरान 121. 6मिमी बारिश दर्ज की गई। मुंबई के पश्चिमी उपनगर सांताक्रूज़ मौसम केन्द्र ने इस अवधि में 96.6 मिमी बारिश दर्ज की। कोंकण क्षेत्र के रत्नागिरि केंद्र में 101.3 मिमी और हरणाई केंद्र में 89 मिमी जबकि कोल्हापुर जिले में इस दौरान 16.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ठाणे-बेलापुर औद्योगिक संघ वेधशाला में 35.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

Back to top button