नेशनल

BJP के वरिष्ठ नेता प्रभात झा का निधन.. दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सांस..

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुःख..

दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रभात झा का शुक्रवार (26 जुलाई) को निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली गुरूग्राम के एक मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। प्रभात झा मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष थे। प्रभात झा काफी समय से बीमार चल रहे थे। कुछ दिन पहले ही उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और 26 जुलाई की सुबह 5 बजे 67 साल की उम्र में उनका निधन हो गया।

जानकारी के अनुसार, बीजेपी के सीनियर लीडर प्रभात झा दिमागी बुखार से ग्रसित होने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। दिमागी बुखार के चलते प्रभात झा को न्यूरोलॉजिकल परेशानियां आ रही थी। जिसके बाद उन्हें भोपाल के बंसल अस्पताल में भर्ती किया गया था। भोपाल में तबियत में सुधार न होकर तबियत और नाजुक होने पर दो दिन बाद प्रभात झा को एयरलिफ्ट कर दिल्ली के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। जहां उनका इलाज विशेषज्ञ डाॅक्टरों की निगरानी में चल रहा था। आज तड़के प्रभात झा का इलाज के दौरान निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार बिहार में उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। झा मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष, राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव भी रह चुके हैं। उन्होंने पत्रकारिता से अपने करियर की शुरुआत की थी। प्रभात झा मूल रूप से बिहार के दरभंगा के हरिहरपुर गांव रहने वाले थे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने X में लिखा- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रभात झा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद के रूप में अपना जीवन जनसेवा में व्यतीत किया। वे वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक रहे। छत्तीसगढ़ से भी उनका विशेष जुड़ाव रहा। उनका निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति एवं परिजनों, शुभचिंतकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

Leave a Reply

Back to top button