मध्य्प्रदेश

जंगल से भटककर फ्लाईओवर पर आकर बैठा टाइगर

सिवनी
 जंगल से भटका टाइगर देर रात नेशनल हाइवे 7 के फोरलेन के रुखड़ फ्लाईओवर में आकर बैठ गया। करीब 1 घंटे तक वयस्क मेल टाइगर फ्लाईओवर की फोरलेन सड़क में करीब एक घंटे तक आराम फरमाता रहा। रात में गश्ती कर रहे पुलिस व पेंच रुखड़ बफर का वन अमला सूचना मिलते ही मौके में पहुंच गया। फॉरेस्ट व पुलिस वाहनों के सामने बैठा टाइगर काफी उत्तेजित दिखाई दिया। वन विभाग का वाहन नजदीक पहुंचने के बाद भी टाइगर सड़क से नहीं हटा। काफी देर इंतजार के बाद टाइगर फ्लाईओवर को पार करते हुए रुखड़ बफर के जंगल में लौट गया। मौके पर मौजूद स्टाफ ने फ्लाईओवर में आराम फरमा रहे टाइगर का वीडियो मोबाइल पर बना लिया।

वन अधिकारियों के मुताबिक पेंच नेशनल पार्क के बीच से गुजरने वाले फोरलेन में दूधिया तालाब बंजारी मंदिर के पास से टाइगर नवनिर्मित फोरलेन के फ्लाईओवर में चढ़ गया। शाम को भी टाइगर का मूवमेंट इस क्षेत्र में बना हुआ था। पेंच नेशनल पार्क के फील्ड डायरेक्टर विक्रम सिंह परिहार ने घटना की पुष्टि की है।

एक किमी चलकर जंगल लौटा

रुखड़ फ्लाईओवर में चढ़ा टाइगर काफी देर तक सड़क में बैठा रहा। जंगल जाने के लिए रास्ता तलाश रहा टाइगर करीब एक किलोमीटर चलकर फ्लाईओवर से नीचे उतरा। दूधिया तालाब से बढ़ते हुए टाइगर तेंदूपत्ता गोदाम रुखड़ के पास फ्लाईओवर से नीचे उतर कर जंगल में लौट गया। टाइगर के जंगल लौटने के बाद वन अमले ने राहत की सांस ली। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में टाइगर फ्लाईओवर में चलते हुए दोनों किनारों से नीचे उतरने का रास्ता तलाश करता दिखाई दे रहा है।

Back to top button