मध्य्प्रदेश

अनलॉक: बाजार का समय 1 घंटे कम, 56 दुकान पर टेकअवे की सुविधा समाप्त

इंदौर
इंदौर अभी अनलॉक ही रहेगा। हालांकि सख्ती में इजाफा हो गया है। शहर में कोरोना मरीजों की तादाद बढ़ने के बाद लॉकडाउन हो या नहीं, इसे लेकर सोमवार को आपदा प्रबंधन समूह की बैठक हुई। इसमें अभी शहर को लॉक नहीं करने को लेकर सहमति बनी। हालत नहीं सुधरने पर लॉकडाउन की ओर जाने की बात कही गई। पुलिस-प्रशासन और नगर निगम कानून का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्ती करेगा। रविवार का लॉकडाउन जारी रहेगा। बाजार 9 की जगह अब 8 बजे बंद होंगे। मंडी और कुछ बाजार को संकेतिक रूप से लॉक करने का निर्णय लिया जा सकता है। 56 दुकान पर अब सिर्फ होम डिलीवरी की ही सुविधा रहेगी। आॅड-ईवन के बजाय अब लेफ्ट और राइट में दुकानें खुलेंगी। एक-दो दिन में इस पर निर्णय लिया जाएगा।

लगातार कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सोमवार दोपहर आपदा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें सांसद शंकर लालवानी, कलेक्टर, डीआईजी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी बात रखी। सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी। इसके लिए पुलिस-प्रशासन और निगम निगम साथ मिलकर कार्रवाई करेगा। कोरोना की स्थिति को लेकर एक सप्ताह तक आंकलन किया जाएगा। इसके बाद फिर से बैठक कर आगे की स्थिति पर निर्णय लिया जाएगा। स्थिति नहीं सुधरने पर लॉकडाउन की ओर जाएंगे।

सांसद ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि दिनभर खुलने वाली चाय-नाश्ते की दुकानें अब दोपहर 12 बजे तक खुलेंगी।  सब्जी मंडी, फ्रूट मंडियों की स्थिति पर नियंत्रण नहीं हुआ तो उस पर विचार किया जाएगा। फार्म हाउस, होटल में होने वाली पार्टियों पर अब कार्रवाई की जाएगी। कानून तोड़ने पर राजनीतिक दलों पर भी कार्रवाई की जाएगी। आॅड-ईवन के बजाय अब लेफ्ट और राइट में दुकानें खुलेंगी। एक दो दिन में इस पर निर्णय लिया जाएगा।

सांसद ने कहा कि मंडी से सबसे ज्यादा संक्रमितों की संख्या आ रही है। सब्जी के जरिए ही कोरोना के मामले शहर में बढ़े हैं। हो सकता है, यहां संकेतिक लॉकडाउन हो, इसे लेकर जिला प्रशासन निर्णय लेगा। इसके अलावा कुछ बाजार हैं, जहां भीड़ कम नहीं हो रही है। चोइथराम मंडी, मालवा मिल मंडी, निरंजनपुर मंडी, जेल रोड, सिंधी कॉलोनी रोड को लेकर प्रशासन सांकेतिक रूप से बंद का निर्णय ले सकता है। यदि समझाइश के बाद भी नहीं माने तो फिर आगे की सोचा जाएगा।

शनिवार को शहर बंद को लेकर कहा कि मरीजों की संख्या पर यह तय होगा कि शनिवार को क्या करना है। बाजार एसोसिएशन के साथ बैठक कर समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी कानून का उल्लंघन हुआ तो संबंधित के खिलााफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सांसद ने कहा कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को लेकर संभागायुक्त और डीन ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर इसे 24 घंटे में शुरू कर दिया जाएगा। प्रायवेट अस्पतालों ने भी सहयोग करने का भरोसा दिया है। उन्होंने निचली बस्तियों में मास्क बांटने का अभियान चलाने की बात कही।

रविवार रात को 1946 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई, जिसमें से 1823 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं, 92 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, दो की मौत भी हुई है। 24 मरीजों की जहां रिपोर्ट रिपीट पॉजिटिव आई है। वहीं, 9 के सैंपल रिजेक्ट कर दिए गए। रविवार को एक बार फिर से 2725 सैंपल लिए गए। अब तक जिले में 104111 लोगों के सैंपल जांचे जा चुके हैं। अब तक 5352 संक्रमित पाए गए हैं। जिनमें से 4017 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, इस वायरस ने 269 लोगों की जान भी ली है। अभी जिले में 1066 एक्टिव मरीज हैं, जबकि होटल, गार्डन में क्वारेंटाइन 4992 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।

 

Back to top button