मध्य्प्रदेश

152 भारतीयों को शारजाह लेकर इंदौर पहुंचा विमान

इंदौर
 मार्च में लगे लॉकडाउन के बाद से शारजाह में फंसे 152 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विशेष विमान रविवार रात 8.40 बजे इंदौर पहुंचा। इसमें 45 यात्री इंदौर और बाकी प्रदेश के अन्य जिलों के थे। इंदौर के यात्रियों को एक होटल में क्वारंटाइन किया गया है। शेष यात्रियों को उनके गृह जिले के लिए रवाना किया गया। वंदे भारत मिशन के तहत यात्रियों को लाया गया है।

यह विमान इंदौर के ही मूल निवासी पायलट सुनीष भार्गव ही लेकर आए, वे पिछले साल जुलाई में इंदौर से दुबई की पहली फ्लाइट लेकर गए थे। एयरपोर्ट डायरेक्टर अर्यमा सान्याल ने बताया कि विमान शारजाह से सीधे इंदौर आया। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यात्रियों की जांच की। इंदौर के यात्रियों के लिए जिला प्रशासन ने तीन बसों का इंतजाम किया था। यात्रियों को एक होटल में ले जाया गया। अन्य जिलों के यात्रियों को उनके जिलों तक पहुंचाने के लिए भी वाहनों की व्यवस्था जिला प्रशासन ने की।

14 दिन तक देनी होगी जानकारी

एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक इंदौर आने वाले यात्रियों को इंदौर 311 एप लोड कराया गया है। इन्हें 14 दिन तक रोजाना इस एप्लीकेशन पर अपना अपडेट देना होगा। इसके अलावा सेल्फी भी खींचकर डालनी होगी। इसके माध्यम से इन पर नजर रखी जा सकेगी।

कल यूक्रेन से आएगी फ्लाइट

सान्याल ने बताया कि वंदे भारत मिशन के तहत अब मंगलवार को फ्लाइट आएगी। यह फ्लाइट यूक्रेन के बोरिस्पिल एयरपोर्ट से दिल्ली होते हुए मंगलवार सुबह 4 बजे इंदौर पहुंचेगी। इस फ्लाइट में 130 से ज्यादा यात्री इंदौर आएंगे। इनमें ज्यादातर यात्री इंदौर के हैं।

Back to top button