खरोरा। तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूली बच्चों से भरी बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय बस में करीब 20 से 25 बच्चे सवार थे।
यह घटना खरोरा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, होली हार्ट स्कूल की बस बच्चों को छोड़ने के लिए निकली थी। तिल्दा रोड स्थित चिकन मार्केट के पास बस एक बच्चे को उतारने के लिए सड़क किनारे रुकी हुई थी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का गेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर उखड़ गया। हादसे के बाद बस के अंदर बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद राहगीर मौके पर पहुंचे और तत्काल बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। बाद में सभी बच्चों को अन्य वाहनों के जरिए उनके घर भेजा गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी बच्चे के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



