सरगुजा। कलेक्टर विलास भोसकर के नाम से साइबर अपराध से जुड़े लोगों द्वारा फर्जी व्हाटसएप चलाया जा रहा है। सरगुजा कलेक्टर विलास भोसकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म के नाम पर सिर्फ व्हाट्सएप का ही उपयोग करते हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के बीच सूचनाओं के आदान – प्रदान के लिए व्हाटसएप का उपयोग उनके द्वारा किया जाता है।
फर्जी वाट्सएप से कलेक्टर के नाम से कुछ अधिकारियों के पास गुरूवार की सुबह वाट्सएप पर सन्देश आया। सन्देश को पढ़कर अफसर यह समझ नहीं पा रहे थे कि क्या जवाब दें। इस तरह का संदेश पहली बार पढ़ने को मिल रहा था। फर्जी नम्बर से अधिकारियों से हालचाल पूछा गया था। निजी सन्देश पढ़कर कुछ अफसरों को संदेह हुआ। कलेक्टर विलास भोस्कर के अफसरों ने उन्हें मैसेज आने की जानकारी दी थी। जिसके बाद कलेक्टर ने स्क्रीन शॉट लेकर सार्वजनिक कर लोगों से सतर्क रहने कहा है।
व्हाट्सएप प्रोफ़ाइल में कलेक्टर की फोटो लगी है। जिस नंबर से आईडी बना है वह श्रीलंका का है। बिजनेस अकाउंट वाले वाट्सएप नंबर का जुलाई महीने में ज्वाइन होने का उल्लेख है। जिसका कंट्री कोड +94 से शुरू होता है। फर्जी अकाउंट +94 783213154 नंबर से बनाया गया है। कलेक्टर कार्यालय से साइबर फ्राड की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस संदिग्ध नंबर की जांच कर रही है।
साइबर फ्राड के शिकार हुये कलेक्टर विलास भोसकर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। कलेक्टर ने विभागीय अफसरों के अलावा लोगों को बताया कि वे फेसबुक, ट्विटर या इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म का उपयोग नहीं करते हैं। इन प्लेटफार्म से भी कोई उनके नाम पर मैसेज करता है तो सतर्क रहें।