छत्तीसगढ़

CG में स्वाइन फ्लू की दस्तक.. 7 नए संक्रमित मिले, 2 की मौत, जानें लक्षण..

गुरुवार को दो महिलाओं की मौत हो गई। कोरिया और जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली थी। 7 मरीजों की पुष्टि हुई है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर स्वाइन फ्लू ने दस्तक दी है। गुरुवार को दो महिलाओं की मौत हो गई। इनमें एक महिला कोरिया और दूसरी जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली थी। वहीं 7 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।

जानकारी के अनुसार, कोरिया के पंडोपारा निवासी कॉलरीकर्मी की 51 वर्षीय पत्नी को सर्दी, खांसी के साथ तेज बुखार आने पर वायरल फीवर का इलाज किया जा रहा था। ज्यादा कफ बनने और कमजोरी के कारण महिला को जिला अस्पताल लाया गया था। जिला अस्पताल में सुधार होते नहीं देख डॉक्टरों ने बिलासपुर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे 4 अगस्त को अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। महिला में स्वाइन फ्लू के लक्षण को देखते हुए इसकी जांच की गई तो पुष्टि हुई। इसके बाद उपचार नए सिरे से शुरू हुआ, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

कोरिया जिले के CMHO डॉ. आरएस सेंगर ने बताया कि महिला वैटिंलेटर पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर थी। उसकी ट्रैवल हिस्ट्री की जानकारी ली जा रही है। स्वाइन फ्लू संक्रामक है। इस कारण संपर्क में आने वालों की भी जांच की जाएगी। जांजगीर-चांपा जिले के लछनपुर गांव निवासी 66 साल की महिला ने भी दम तोड़ दिया है। उसे कुछ दिन पहले बिलासपुर के ही अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन वह बिना उपचार पूरा हुए गायब हो गई। पता चला कि परिजन 6 अगस्त को उसे लेकर चले गए थे। बिलासपुर CMHO डॉ. प्रभात श्रीवास्तव ने उसकी मौत की पुष्टि की है।

बिलासपुर, GPM, जांजगीर-चांपा में मिले नए केस

प्रदेश में स्वाइन फ्लू के लक्षण 9 मरीजों में दिखाई दिए थे। इसके बाद सभी की जांच की गई। इनमें 7 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 4 बिलासपुर, 2 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले और 1 मरीज जांजगीर-चांपा का है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्वाइन फ्लू H1N1के लक्षण

बुखार, खांसी, गले में खराश, ठंड लगना, कमजोरी और शरीर में दर्द शामिल है। कुछ मामलों में बच्चों को सांस की तकलीफ, निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) और चिड़चिड़ापन महसूस हो सकता है।

 

Leave a Reply

Back to top button