कांकेर। दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र के हाहालद्दी मंदिर के पीछे सोमवार सुबह झाड़ियों में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के पास मृतक का सिर नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया है।
सूचना मिलते ही दुर्गूकोंदल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान पेड़ से लटकी रस्सी समेत कुछ अन्य सुराग भी मिले हैं। पुलिस मौत की परिस्थितियों को लेकर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
शव के पास मिली चप्पल, टी-शर्ट और अन्य जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान सुकुमार किस्कु के रूप में हुई है। वह हाहालद्दी क्षेत्र की सागर स्टोन माइंस में सर्वेयर के तौर पर काम करता था और पश्चिम बंगाल का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और चोटों की प्रकृति को लेकर अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मृतक के सिर की तलाश के साथ-साथ उसके आखिरी समय में किन लोगों के संपर्क में था, इसकी भी जानकारी जुटा रही है।



