रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बीएड छात्रा की कथित तौर पर उसके लिव-इन पार्टनर ने हत्या कर दी। मृतका की पहचान भारती नेताम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी सावंत बघेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले 6-7 महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को युवती पर शक था और वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। घटना के दिन भी विवाद के बाद आरोपी ने कथित रूप से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी युवती को मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम में युवती के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। मामले की जांच जारी है।



