छत्तीसगढ़

खिड़की तोड़ी और हो गए फरार, महासमुंद में बाल संप्रेक्षण गृह से 8 नाबालिग लापता..

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बरोंड़ा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। 8 नाबालिग खिड़की की ग्रील तोड़कर फरार हो गए। घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। फरार नाबालिगों की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, फरार हुए सभी नाबालिग पिछले 4 से 5 महीनों के दौरान विभिन्न मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए थे। इनमें एक दुष्कर्म, दो चोरी और अन्य नाबालिग एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में निरुद्ध थे। इनका संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी और ओडिशा के अलग-अलग क्षेत्रों से बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे परिसर की जांच की जा रही है और फरार नाबालिगों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से नाबालिगों के फरार होने की घटना सामने आई थी। एक बार फिर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button