छत्तीसगढ़

नितिन गडकरी जुलाई में आएंगे छत्तीसगढ़, इकोनॉमिक कॉरिडोर का करेंगे निरीक्षण..

रायपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जुलाई के पहले सप्ताह में छत्तीसगढ़ दौरे पर आ सकते हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वे रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के निर्माण कार्य का सड़क मार्ग से निरीक्षण करेंगे और परियोजना की प्रगति का जायजा लेंगे।

दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री सड़क निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और चल रहे कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के साथ बैठक कर परियोजना की प्रगति और शेष कार्यों पर चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि उनके दौरे के बाद निर्माण कार्यों में और तेजी आएगी।

करीब 16,482 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस महत्वाकांक्षी इकोनॉमिक कॉरिडोर का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष हिस्सों पर तेजी से काम जारी है।

इस कॉरिडोर के पूर्ण होने के बाद छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच व्यापार, माल परिवहन और आवागमन अधिक सुगम होगा। परियोजना से औद्योगिक विकास को नई गति मिलने के साथ क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Back to top button