छत्तीसगढ़

खैरागढ़ कलेक्टर परिसर में शराब पीने का दावा, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप..

खैरागढ़। जिले के कलेक्टर कार्यालय परिसर से सामने आए एक कथित वायरल वीडियो ने प्रशासनिक व्यवस्था और सरकारी कार्यालयों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में जिला आबकारी कार्यालय के दो कर्मचारी कार्यालय परिसर में कथित रूप से शराब का सेवन करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है।

जानकारी के अनुसार, वीडियो में आबकारी विभाग के सहायक ग्रेड-3 सुजीत पूरी गोस्वामी और मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि दोनों कर्मचारी कार्यालयीन समय के दौरान विभागीय परिसर में शराब पी रहे थे। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

इस घटना ने इसलिए भी गंभीर रूप ले लिया है क्योंकि आबकारी विभाग की जिम्मेदारी जिले में शराब बिक्री और नियमों के पालन की निगरानी करना है। ऐसे में विभाग के कर्मचारियों पर लगे आरोपों ने आम लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि हाल ही में खैरागढ़ के बीईओ कार्यालय से भी कर्मचारियों के शराब सेवन का वीडियो वायरल हुआ था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

मामले पर एडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है। संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं और जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे तथ्यों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Back to top button