बिलासपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। साय सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। उनके आकस्मिक निधन की खबर से भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
रूपनारायण सिन्हा बिलासपुर के तिफरा में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 में शामिल होने पहुंचे थे। इस प्रशिक्षण अभियान की प्रभारी जिम्मेदारी भी उनके पास थी। कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सोमवार से शुरू हुए इस दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अमर अग्रवाल समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद थे। प्रशिक्षण शिविर के समापन के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया।
धरमलाल कौशिक ने उनके निधन को भाजपा संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि रूपनारायण सिन्हा ने लंबे समय तक संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और पार्टी को मजबूत करने में अहम योगदान दिया।
बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन उनका पार्थिव शरीर लेकर रायपुर रवाना हो गए हैं।



