जगदलपुर। नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से कोंटा जा रही रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस बालेंगा कोसा सेंटर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान कवर्धा निवासी पद्मनी चंद्रवंशी के रूप में हुई है, जो दोरनापाल में शिक्षिका के पद पर पदस्थ थीं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया।
घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से डिमरापाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया था। बाद में जेसीबी की मदद से पलटी बस को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



