देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बड़ा इजाफा देखने को मिला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में तेजी और ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की जेब पर पड़ने लगा है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी कर दिए हैं, जिसके बाद कई शहरों में ईंधन की कीमतें बढ़ गई हैं।
राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत बढ़कर ₹103.48 प्रति लीटर पहुंच गई है। वहीं डीजल के दाम में ₹3.11 प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अलावा पॉवर पेट्रोल की कीमत अब ₹113.13 प्रति लीटर हो गई है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों से आम नागरिकों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इसका असर परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों पर भी पड़ सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक तनाव के चलते आने वाले दिनों में भी ईंधन कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं आम जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है।



