छत्तीसगढ़

रील शूट बना मौत का कारण, 48 घंटे बाद मिला युवक का शव..

कोरबा। रील बनाने का शौक एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोशल मीडिया के लिए वीडियो शूट करते समय 25 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र स्थित अहिरन नदी की है, जहां निखिल सिंह अपने तीन दोस्तों के साथ नहाने और रील बनाने पहुंचा था।

जानकारी के मुताबिक, निखिल नदी में छलांग लगाकर वीडियो शूट करवा रहा था। उसके दोस्त मोबाइल से रील रिकॉर्ड कर रहे थे। छलांग लगाने के बाद निखिल करीब तीन मिनट तक पानी में हाथ-पैर मारता रहा, लेकिन दोस्तों को लगा कि वह तैराकी कर रहा है। देखते ही देखते वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। सबसे हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद कोई भी दोस्त उसे बचाने के लिए नदी में नहीं उतरा।

घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है। हादसे के बाद दोस्तों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने लगातार दो दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 48 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद बुधवार देर शाम युवक का शव नदी के पानी में ऊपर तैरता दिखाई दिया, जिसके बाद उसे बाहर निकाला गया।

इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक नदी में संघर्ष करता दिखाई दे रहा है, जबकि दोस्त उसे रिकॉर्ड करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लोगों से नदी-तालाब जैसी जगहों पर रील बनाने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Back to top button