गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा थाना क्षेत्र के मझगवां गांव में दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे बैठे तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक चाचा-भतीजा परिवार में होने वाली शादी का कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। रास्ते में मझगवां गांव के पास वे कुछ देर आराम करने के लिए सड़क किनारे बैठे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस फरार बाइक सवार की तलाश में जुटी हुई है।
इस हादसे के बाद परिवार और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



