रायपुर। आम जनता की शिकायतों और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए रायपुर नगर निगम द्वारा ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। निगम के सभी 10 जोनों में अलग-अलग तारीखों पर शिविर लगाए जाएंगे, जहां नागरिक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।
इस अभियान की शुरुआत 11 मई से होगी। पहला शिविर नगर निगम के जोन-3 क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। शिविरों में राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, सफाई, पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का मौके पर निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, शिविरों का उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत देना और योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है। सभी जोनों के लिए अलग-अलग तिथियां तय की गई हैं, जिनकी जानकारी संबंधित जोन कार्यालयों के माध्यम से दी जाएगी।



