रायपुर/जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में प्राइवेट विमान क्रैश होने की खबर पूरी तरह भ्रामक निकली है। इस मामले में राज्य सरकार ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए साफ किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की विमान दुर्घटना नहीं हुई है।
दरअसल, कुछ न्यूज़ चैनलों और वेब पोर्टलों में यह खबर प्रसारित की गई थी कि जशपुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र की पहाड़ियों में एक प्राइवेट विमान क्रैश हो गया है। खबर में यह भी दावा किया गया था कि आरा पहाड़ से टकराने के बाद इलाके में धुएं का गुबार उठता देखा गया, जिससे स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया।
हालांकि, राज्य सरकार ने इन सभी दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सरकार के मुताबिक, जशपुर जिले में किसी भी तरह की विमान दुर्घटना की कोई पुष्टि नहीं हुई है और न ही ऐसी कोई घटना घटी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें। साथ ही सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के खबरें साझा करने से बचने की भी सलाह दी गई है।
इस घटनाक्रम के बाद एक बार फिर फेक न्यूज और अफवाहों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं, जो आम जनता में भ्रम और अनावश्यक डर का माहौल पैदा कर सकते हैं।



