सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एसीबी-ईओडब्ल्यू की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिश्वतखोर कृषि विकास अधिकारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी शिकायतकर्ता से 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया, जबकि कुल 3 लाख रुपये की मांग की गई थी।
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने ट्रैप के जरिए की। आरोपी की पहचान बीज निरीक्षक सोहन लाल भगत के रूप में हुई है, जो शिकायतकर्ता को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसों की मांग कर रहा था।
शिकायत प्रतापपुर निवासी अजीत कुमार कश्यप ने की थी, जो हैदराबाद स्थित एक बीज कंपनी में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी के बीजों के भंडारण और बिक्री से जुड़े मामले में उन्हें डराया-धमकाकर अवैध वसूली की जा रही थी।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी-ईओडब्ल्यू ने जाल बिछाया और पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये लेते ही आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।



