रायपुर/आरंग के गैस एजेंसी में करीब 25 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को आरंग-खरोरा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया. आरंग क्षेत्र के एकमात्र गिरिज इंडेन गैस एजेंसी पर सिलेंडर मिलने की सूचना पर लोगों की लंबी कतार लगी थी. कड़ी धूप में लोग खड़े रहे, लेकिन जब गैस नहीं आने की सूचना मिली तो आक्रोश फूट पड़ा.
बताते हैं, क्षेत्र के लोग लगभग 25 दिनों से उपभोक्ता गैस सिलेंडर के लिए रतजगा कर रहें हैं. लोगों का कहना है कि उन्हें एजेंसी ने 12 अप्रैल को गैस सिलेंडर मिलने की जानकारी दी थी. सुबह से लाइन बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंचे. कई घंटों तक कतार में लगने के बाद उन्हें पता चला कि गैस सिलेंडर नहीं आ रहा तो एजेंसी के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा. सभी ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे वाहनों के चक्के थम गए. सूचना पर मौके पर नायब तहसीलदार और पुलिस पहुंची. उन्होंने काफी देर समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया.



