बालोद | जिले में वन विभाग ने लापरवाही के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वन रक्षक हिमांशु यादव को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र में लकड़ियों के अवैध परिवहन के मामले में समय पर कार्रवाई नहीं करने के कारण की गई।
दल्लीराजहरा वन क्षेत्र के धोबनी गांव में लंबे समय से लकड़ी के अवैध परिवहन की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसको लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कड़ी नाराजगी जताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने जांच के बाद वन रक्षक हिमांशु यादव के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अवैध गतिविधियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मिलीभगत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने कहा है कि आगे भी इस तरह की शिकायतों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन ने वन विभाग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है। और ये राज्य में एक गंभीर समस्या बनकर सामने आ रही है। जिस पर सख्त एक्शन लेने की आवश्यकता है।



