गरियाबंद। पुलिस ने नक्सलियों की ओर से डंप कर रखे गए हथियार का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है, जो नक्सल उन्मूलन के तहत एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
2026 में सरेंडर करने वाले नक्सलियों ने किए खुलासे
जनवरी 2026 में गरियाबंद में आत्मसर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने वाले नक्सलियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) की ओडिशा राज्य कमेटी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से मैनपुर थाना क्षेत्र में ओडिशा सीमा से लगे पहाड़ी क्षेत्रों में ऑटोमेटिक हथियार, गोला-बारूद और टेक्निकल टीम के वेपन वर्कशॉप से जुड़े सामान कई जगहों पर डंप किए गए हैं।
6 अलग-अलग जगहों से हथियार सहित कई सामान जब्त
नक्सलियों के डंप की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस बल ई 30 ऑप्स टीम 6 फरवरी को सर्च अभियान पर निकली और 36 घंटे की सर्च अभियान के बाद 6 अलग-अलग जगहों से हथियार का एक बड़ा जखीरा बरामद किया। साथ ही भारी मात्रा में टेक्निकल टीम के वेपन वर्कशॉप से जुड़े सामान भी जब्त किए गए।



