छत्तीसगढ़

NHM कर्मियों को सरकार का फाइनल अल्टीमेटम: आज लौट आएं काम पर नहीं तो सबकी जाएगी नौकरी, 16 हजार पद होंगे खाली..

रायपुर। 10 सूत्रीय मांग को हर हाल में मनवान के लिए बीते 18 अगस्त से कामबंद हड़ताल पर बैठे प्रदेश के 16 हजार NHM कर्मियों की जिद को तोड़ने सरकार आमादा दिखाई दे रही है। राज्य सरकार ने हड़ताली कर्मचारियों को काम पर वापस लौटने के लिए आखिरी मोहलत दी है। फाइनल अल्टीमेटम के साथ ही चेतावनी भी दी है। आज शाम तक काम पर नहीं लौटे तब नौकरी से निकालने की सरकारी प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। राज्य सरकार के इस अल्टीमेटम के बाद हड़ताली कर्मचारियों की ओर विभाग के आला अफसरों की नजरें लगी हुई है।

अल्टीमेटम के बाद भी काम पर नहीं लौटने वाले कर्मचारियों को एक महीने का नोटिस देकर नौकरी से निकाला जाएगा। विभाग की ओर से इस संबंध में सभी जिलों के मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारियों CMHO को पत्र जारी किया गया है। आदेश में यह भी कहा गया है कि हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को हड़ताल की तिथि से वेतन का भुगतान भी नहीं किया जाएगा।

18 अगस्त से जारी है हड़ताल

छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारी 18 अगस्त से हड़ताल पर हैं। इस वजह से स्वास्थ्य सेवाएं ठप पड़ी हैं। NHM के कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर विभिन्न तरीकों से प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार को खून से लेटर तक लिख दिया है।वहीं, सरकार NHM कर्मियों की 10 में से पांच मांगें पूरी करने का आश्वासन दे चुकी है। लेकिन बात नहीं बन पाई है। इस बीच, सोमवार को हड़ताल पर बैठे सभी NHM संविदा कर्मचारियों को 24 घंटे के भीतर काम पर लौटने का आदेश दिया गया था। आदेश का पालन न करने पर बर्खास्त करने की चेतावनी दी गई थी।

सरकार के एक्शन पर हड़ताली कर्मियों का आया रिएक्शन

हड़ताल से नहीं लौटने पर राज्य शासन ने एनएचएम कर्मचारी संगठन से जुड़े 25 पदाधिकारियों को बर्खास्त कर दिया था। पदाधिकारियों को बर्खास्त करने का प्रदेश संगठन में काफी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। नाराज कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया।

Leave a Reply

Back to top button