बीजापुर। नक्सल ऑपरेशन के बीच फोर्स ने कर्रेगुट्टा पहाड़ पर कब्जा कर लिया है। इस पहाड़ पर मंगलवार को हेलीकॉप्टर की सहायता से 500 जवानों को उतारा गया। इसके बाद जवानों की एक फोटो सोशल मीडिया में वायरल हुई, जिसमें जवान पहाड़ पर खड़े नजर आ रहे हैं। फोर्स ने कर्रेगुट्टा पहाड़ को कब्जे में लेने की अधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पहले इस ऑपरेशन में सिर्फ छत्तीसगढ़ पुलिस, तेलंगाना पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स शामिल थी। वहीं अब बिहार और झारखंड के सेंट्रल सुरक्षाबल के जवानों की भी कर्रेगुट्टा पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
नक्सलियों के लिए सुरक्षित माने जाने वाला कर्रेगुट्टा पहाड़ का पूरा इलाका बीहड़ है। यहां का तापमान अभी 40 से 45 डिग्री के बीच है। बड़े नक्सली नेताओं की मौजूदगी की जानकारी पर फोर्स ने 8 दिन पहले अब तक सबसे बड़ा ऑपरेशन लॉन्च किया है। तेज गर्मी से कई जवान डिहाइड्रेशन के शिकार हुए तो दो जवान नक्सलियों के लगाए आईईडी से घायल भी हुए। इस बीच, जवानों ने तीन महिला नक्सलियों को ढेर किया और पहाड़ पर मौजूद नक्सलियों को खदेड़ा।