छत्तीसगढ़

CG- पति को जान से मार डाला, चरित्र शंका को लेकर होता था विवाद, पत्नी ने सोए पति पर किया कुल्हाड़ी से हमला..

गौरेला पेंड्रा मरवाही। पत्नी ने पति की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। फिर खुद थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों के सामने हत्या की बात कबूल की। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति आये दिन चरित्र शंका को लेकर विवाद करता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद महिला ने कुल्हाड़ी से वार कर पति की हत्या कर दी।

घटना मरवाही थाना क्षेत्र की है। बघररा गांव के मटियाटोल में घोरे लाल पूरी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। घोरे लाल पूरी पत्नी वेदकुंवर पूरी के चरित्र पर शंका करता था। आये दिन इसी बात को लेकर मृतक विवाद और झगड़ा करता रहता था। घटना वाले दिन पति-पत्नी पड़ोस में रहने वाले घनी राम के घर छठी कार्यक्रम में गये थे। दोनों लौटे और पति फिर से चरित्र संदेह को लेकर लड़ाई-झगड़ा करने लगा।

इस बात से दुखी महिला ने सो रहे पति पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। पति को मारकर घटना की जानकारी अपने बेटे को दी। बेटा घर पहुंचा और अपनी मां को लेकर थाने पहुंचा। महिला ने थाने में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

मरवाही पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम में भेजकर जांच में जुट गई है। पुलिस ने घटना के संबंध में मीडिया को बताया कि महिला ने हत्या करने की बात कबूल कर ली है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button