छत्तीसगढ़

UP में तीन कांवड़ियों की मौत, 18 घायल.. श्रद्धालुओं से भरा पिकअप खड़े ट्रेलर में टकराया, CM विष्णुदेव साय ने जताया दुःख..

बलरामपुर। उत्तरप्रदेश सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के तीन कांवड़ियों की मौत हो गई. वहीं 18 लोग घायल हुए हैं। पिपराही व जवाहर नगर बलरामपुर से 21 कांवरियों का दल देवघर झारखंड गया था। वहां से उत्तरप्रदेश के आयोध्या, वृंदावन मथुरा होते हुये बलरामपुर वापस आ रहे थे। आज सुबह गुलामीपुर के पास कांवरियों से भरा पिकअप वाहन खड़े ट्रेलर में टकरा गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि घटना में मुनि प्रजापति (60 वर्ष) निवासी जवाहर नगर बलरामपुर, 65 वर्षीय फेंकूशाव और शिवकुमारी 55 वर्षीया निवासी बलरामपुर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही यूपी पुलिस घटना स्थल पहुंची। पुलिस ने हादसे में घायल 18 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। यहां सभी का इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीन कांवड़ियों की मौत पर दुःख जताया है। X पोस्ट में लिखा- उत्तरप्रदेश के कौशाम्बी में हुए सड़क हादसे में जिला बलरामपुर, छत्तीसगढ़ के तीन कांवड़ियों की मृत्यु और 18 कांवड़ियों के घायल होने की दुःखद खबर आ रही है।

कौशाम्बी जिला प्रशासन द्वारा घायल कांवड़ियों को त्वरित इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। बलरामपुर जिला प्रशासन को कौशाम्बी जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर घायल कांवड़ियों के बेहतर इलाज और मृतकों के शवों की वापसी के लिए निर्देशित किया है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।

Leave a Reply

Back to top button