जशपुर। जशपुर में NH-43 पर चलती बाइक पर प्रेमी-प्रेमिका का रोमांस और स्टंटबाजी करने का वीडियो सामने आया है। बाइक पर लड़की लड़के को कसकर पकड़कर बैठी दिख रही है। फिल्मी अंदाज में रोमांस करते हुए सड़क पर दोनों मौज मस्ती करते दिख रहे हैं।
इन पर SP शशि मोहन सिंह की नजर पड़ी तो दोनों भागने लगे। पुलिस अधीक्षक ने अपनी कार से दौड़ाकर दोनों पकड़ा लिया। वहीं मौके पर ही स्टंटबाज की बाइक जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही भविष्य में स्टंटबाजी नहीं करने की सख्त हिदायत भी दी।
शुक्रवार को झारखंड के सिमडेगा जिले के गोमाला का रहने वाला विनय साय (20) अपने 18 साल की लड़की दोस्त के साथ स्पोर्टस बाइक पर सवार होकर खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी कर रहा था। नेशनल हाइवे 43 पर कुनकुरी की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस अधीक्षक जशपुर भी कुनकुरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे दोनों पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की कार को देखकर भाग रहे थे। पुलिस अधीक्षक ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। कुनकुरी पुलिस को कार्रवाई के लिए सौंपा। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 179(2) के तहत 500 रुपए का चालान भी काटा गया।
झारखंड के सिमडेगा से छत्तीसगढ़ आया था प्रेमी-युगल
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रेमी युगल झारखंड के सिमडेगा से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी स्थित मायाली डैम घूमने आए हुए थे। युवक के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि बच्चों को इस तरह से हाई स्पीड बाइक देकर स्टंटबाजी करने से रोंके।