डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के धर्म नगरी डोंगरगढ़ में पहाड़ों पर स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर के सीढ़ियों में लगे स्मार्ट टीवी में पिछले दिनों 16 फरवरी की शाम को अश्लील वीडियो प्रसारित किए जाने से श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया था। अश्लील वीडियो प्रसारित करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे दर्शनार्थियों ने स्क्रीन में चल रही अश्लील वीडियो की फोटो खींच ली। स्क्रीन में अश्लील वीडियो चलने के बाद हड़कंप मच गया। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट ने डोंगरगढ़ थाना पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस गंभीरता से मामले की जांच में जुटी थी। इस दौरान पुलिस ने मंदिर में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी व 200 से अधिक मोबाइल नंबरों को खंगाला गया। संदिग्ध अवस्था में दिखा ऊपर मंदिर में सीसीटीवी फुटेज में डोंगरगढ़ मोर्या कालोनी निवासी 46 वर्षीय रवि चंद्रिकापुरे विज्ञापन स्क्रीन के पास संदिग्ध अवस्था में देखा गया।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपित रवि चंद्रिकापुर ने अपने फोन को स्मार्ट टीवी से स्क्रीन कास्ट के माध्यम से कनेक्ट कर फोन में चल रहे अश्लील वीडियो को स्मार्ट टीवी में प्रसारित करना स्वीकार किया। डोंगरगढ़ थाना प्रभारी भरत बरेठ ने बताया कि आरोपित के विरूद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



