बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में उस समय हड़कंप मच गया, जब व्यापार विहार इलाके में एक अधेड़ व्यक्ति का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
SBI बैंक के पास मिला शव
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को व्यापार विहार स्थित SBI बैंक के पास अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव अर्धनग्न हालत में था। स्थानीय लोगों की सूचना पर तारबाहर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भीख मांगने और कचरा बीनने की मिली जानकारी
बताया जा रहा है कि मृतक को क्षेत्र में अक्सर भीख मांगते और कचरा बीनते हुए देखा जाता था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अधेड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



